संयुक्त राष्ट्र विश्वविद्यालय United Nations University

इसकी स्थापना महासभा द्वारा पारित प्रस्ताव के अंतर्गत 11 दिसंबर, 1972 को हुई। यह विश्वविद्यालय विकास, कल्याण एवं मानवीय उत्तरजीविता के क्षेत्रों में शोध व प्रशिक्षण संचालित करता है। इसका मुख्यालय टोक्यो में है। इसके मुख्य अंगों में विश्वविद्यालय परिषद (जिसमें विभिन्न देशों के 24 शिक्षाविद, संयुक्त राष्ट्र महासचिव, युनेस्को महानिदेशक यूनिटार के कार्यकारी निदेशक तथा विश्वविद्यालय रेक्टर शामिल हैं), विश्व क्षुधा कार्यक्रम, मानव एवं सामाजिक विकास कार्यक्रम तथा प्राकृतिक संसाधन तथा उपयोग व प्रबंधन कार्यक्रम पर परामर्श समितियों को सम्मिलित किया जाता है।

यूएनयू कर्मियों द्वारा शांति, संघर्ष निदान, भूमंडलीय अर्थव्यवस्था, खाद्य व् पोषण, मानव एवं सामाजिक विकास, जैव-प्रौद्योगिकी इत्यादि पर शोध संचालित किये जाते हैं। यूएनयू हेतु विश्व संसाधन (फिनलैंड) की स्थापना की गयी, जो भूख, गरीबी, वित्त व व्यापार तथा तकनीकी सूचना जैसे विषयों पर विचार करता है। अफ्रीका में प्राकृतिक संसाधनों हेतु संस्थान (आईएनआरए) की स्थापना 1989 में की गयी, जिसका मुख्यालय अक्रा (घाना) में है। इस संस्थान का मूल उद्देश्य वैज्ञानिक तकनीकी क्षमताओं में वृद्धि करना है।

नव-प्रौद्योगिकी हेतु एक संस्थान 1990 में मॉस्ट्रिच में स्थापित किया गया। 1992 में सॉफ्टवेयर तकनीक हेतु अंतरराष्ट्रीय संस्थान (मकाओ) तथा उन्नत अध्ययन हेतु संस्थान (टोक्यो) स्थापित किये गये।

यूएनयू अन्य अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक संगठनों के साथ संपर्क स्थापित करके अपने सीमित वित्तीय संसाधनों का अधिकतम संभव उपयोग सुनिश्चित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *